रायसेन जिले में यातायात अभियान के तहत आरटीओ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई 1 जनवरी से 30 जनवरी तक चलने वाले अभियान और सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के पालन में की गई। इस दौरान ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना बीमा और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे कई मामले सामने आए। इन उल्लंघनों के लिए विभिन्न धाराओं के तहत चालान बनाए गए और समन शुल्क व जुर्माना लगाया गया।
सोमवार शाम को सागर तिराहे पर जिला परिवहन अधिकारी जगदीश भील और यातायात प्रभारी लता मालवीय ने यह संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान कई ऑटो चालकों को क्षमता से अधिक सवारियां बैठाते हुए पाया गया। एक मामले में, चार सवारी क्षमता वाले ऑटो में 10 से अधिक यात्री मिले, जिस पर तत्काल जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने ऑटो चालकों को भविष्य में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के तहत, बिना फिटनेस वाले एक ऑटो पर 3000 रुपए, बिना लाइसेंस वाले एक ऑटो पर 1000 रुपए, बिना बीमा वाले चार ऑटो पर 7000 रुपए और गलत दिशा में चल रहे दो ऑटो पर 1000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.