जहरीले सिरप कांड में विशेष कार्य बल (STF) ने जांच तेज करते हुए रविवार को नौवीं गिरफ्तारी की है। एसटीएफ ने परासिया के स्टेशन रोड स्थित मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया। आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रसेला मेडिकल, स्टेशन रोड के संचालक अनिल रसेला के रूप में हुई है। इससे पूर्व एसटीएफ द्वारा संबंधित मेडिकल स्टोर को सील किया जा चुका है, वहीं दुकान का ड्रग लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया था।
तमिलनाडू से मटेरियल सप्लायर की गिरफ्तारी
इससे पहले एसटीएफ ने जहरीले सिरप का निर्माण करने वाली तमिलनाडू स्थित श्रीसन फार्मा से जुड़े मामले में कंपनी को कच्चा माल सप्लाई करने वाले शैलेष पंड्या को तमिलनाडू से गिरफ्तार किया था। जांच में सिरप के निर्माण और आपूर्ति में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
ये भी पढ़ें- टैगोर के तीखे तेवर: दिग्विजय सिंह ने आरएसएस वाली टिप्पणी पर दी दो टूक सफाई, कांग्रेस के भीतर सियासी बहस तेज
24 मासूमों की मौत का मामला
उल्लेखनीय है कि श्रीसन फार्मा द्वारा निर्मित ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप के सेवन से 24 बच्चों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और दवा नियंत्रण प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।
कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कंपनी के मालिक, केमिस्ट, दवाई लिखने वाले चिकित्सक, थोक दवा व्यापारी, मेडिकल स्टोर संचालक, कंपनी के एमआर सहित कई आरोपियों को एसटीएफ गिरफ्तार कर चुकी है।
ड्रग कंट्रोलर की भूमिका जांच के दायरे में
प्रकरण में दवा को अप्रूवल देने वाले तमिलनाडू और मध्यप्रदेश के ड्रग कंट्रोलर व ड्रग इंस्पेक्टर की भूमिका भी जांच के दायरे में है। प्रदेश शासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर एसटीएफ की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.