वार्षिक परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का शिक्षक ने किया मार्गदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। परीक्षा का समय नजदीक है, इसलिए घबराएं नहीं। इस दौरान मोबाइल और तनाव से दूर रहें, सिर्फ परीक्षा पर फोकस करें। यह समय धैर्य रखने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने प्रयासों पर भरोसा करने का है। यह सुझाव कन्या स्कूल रामपुर के शिक्षक डॉ. एसएस टैगोर ने विद्यार्थियों को दिए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी यह कभी मत सोचें कि केवल तेज बच्चे ही सफल होते हैं। कई बार साधारण बच्चे भी बड़ा मुकाम हासिल कर लेते हैं, क्योंकि वे लगातार मेहनत करते हैं और हार नहीं मानते। मेहनत और सही दिशा ही सफलता की कुंजी है। हर विद्यार्थी की अपनी फील्ड होती है, जो पढ़ाई में ज्यादा अच्छा नहीं कर पाते, वे खेल, गायन या किसी अन्य क्षेत्र में मुकाम हासिल करते हैं। अपनी ताकत और रुचियों को पहचानो और उसी में प्रयास करो। परीक्षा से डर लगना सामान्य बात है। हर बच्चा कभी न कभी डरता है। फर्क बस इतना है कि कोई डर से रुक जाता है, जबकि कोई डर को अपनी ताकत बना लेता है। डर को अपने ऊपर हावी मत होने दो। विद्यार्थी परीक्षा की तैयारी में समझदारी से काम लें। सवाल ध्यान से पढ़ें और समय को बांटें। रोज थोड़ा-थोड़ा पढ़ो, लिखने का अभ्यास करो और मोबाइल व टीवी से थोड़ी दूरी रखो। किसी भी कठिन हल के लिए अपने अध्यापकों से मदद लेने में संकोच मत करो। वे तुम्हारे मार्गदर्शक हैं। अपने टाइम टेबल और अनुशासन का पालन करना बेहद जरूरी है। हर विषय पर समान ध्यान दो और किसी एक विषय में अटकने पर तुरंत अगले विषय पर फोकस करो। उन्होंने माता-पिता से आग्रह किया है कि अपने बच्चों की तुलना दूसरों से न करें। हर बच्चा अलग होता है, उसकी अपनी गति और क्षमता होती है। तुलना से हीन भावना पैदा हो सकती है। यह छात्र के आत्मविश्वास को नुकसान पहुंचाती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.