गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के जंगलिया मोड़ पर दो छात्र गुटों के बीच आपसी विवाद को लेकर चाकूबाजी की घटना हुई। इस घटना में तीन छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चाकूबाजी में एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से एक छात्र जख्मी हुआ है। सभी घायलों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों की पहचान शहर के अरार मोड़ निवासी आर्यन कुमार, कॉलेज रोड निवासी आदित्य कुमार और थावे थाना क्षेत्र के लक्षवार गांव निवासी फरिदुल हक के रूप में हुई है।
एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया
जानकारी के अनुसार, छात्र आर्यन कुमार और फरिदुल हक के बीच पहले से ही आपसी विवाद चल रहा था। जंगलिया मोहल्ले में कोचिंग पढ़ने के दौरान दोनों के बीच यह विवाद बढ़ गया। कोचिंग से बाहर निकलने के बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने दोस्तों के साथ मिलकर मारपीट की योजना बनाई और एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इसी दौरान तीनों छात्र घायल हो गए।
दो छात्रों को हिरासत में ले लिया
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो छात्रों को हिरासत में ले लिया। जख्मी छात्रों को सदर अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस उन्हें भी अपने साथ नगर थाना ले गई। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.