अररिया जिले में भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल ने बड़ी कार्रवाई की है। 08 दिसंबर 2025 को 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा के अंतर्गत “आई” समवाय जोगबनी द्वारा विशेष संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।
जोगबनी–बथनाहा रोड पर हुई कार्रवाई
SSB की टीम ने जोगबनी–बथनाहा रोड पर भारत–नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 179/02 के पास भारत की ओर लगभग चार किलोमीटर अंदर यह अभियान चलाया। जांच के दौरान भारत से भारत की ओर ले जाए जा रहे 32.39 ग्राम तस्करी के सोने और एक मोबाइल फोन को जब्त किया गया।
दो तस्कर मौके से गिरफ्तार
छापामारी के दौरान दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सज्जाद, उम्र 58 वर्ष, पिता स्वर्गीय सफीद, निवासी खैरा गढ़िया वार्ड 11, थाना नरपतगंज, जिला अररिया और मोहम्मद समीरउद्दीन, उम्र 32 वर्ष, पिता मोहम्मद मुस्तफा, निवासी खैरा गढ़िया वार्ड 08, पो खैरा चंदा, थाना नरपतगंज, जिला अररिया के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: जोगबनी बॉर्डर से हवाला नेटवर्क बेनकाब, नेपाल पुलिस की कार्रवाई से SSB की सतर्कता पर उठे सवाल
कस्टम विभाग को सौंपे गए आरोपी
SSB द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को जब्त सोने और मोबाइल फोन के साथ कस्टम विभाग, फारबिसगंज को सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई कस्टम विभाग द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। SSB की इस सफलता को भारत–नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.