पूर्णिया के नेवालाल चौक के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाइवा ने ड्यूटी पर जा रहे सरकारी शिक्षक को कुचल डाला। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रानीपतरा, रामपुर घोड़घाट निवासी 45 वर्षीय नवीन कुमार भगत के रूप में हुई है। वे प्राथमिक विद्यालय घुस्की टोला में पदस्थापित थे और वर्तमान में मरंगा के कृष्णापुरी हाता में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, नवीन कुमार भगत हर रोज की तरह अपने घर से विद्यालय के लिए निकले थे। जैसे ही वे नेवालाल चौक से बेलौरी की ओर मुड़े, सामने से आ रहे काल बने हाइवा ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को अपनी ओर आता देख चालक हाइवा छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि हाइवा को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.