मध्य प्रदेश के इटारसी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुराने नेशनल हाईवे पर स्थित खेड़ा चर्च के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही 11 वर्षीय मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची उछलकर कई फीट दूर जा गिरी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कक्षा 5वीं की छात्रा है बच्ची
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल बच्ची का नाम शिवन्या रावत है। वह इटारसी के खेड़ा क्षेत्र की निवासी है और कक्षा 5वीं की छात्रा बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह किसी काम से सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। आसपास के लोगों ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बच्ची भोपाल रेयर
हादसे के बाद शिवन्या को इटारसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन गंभीर चोटें आने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। फिलहाल भोपाल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजन अस्पताल में मौजूद हैं और बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: राज्यपाल को परोसी ठंडी चाय, भोजन में मिले कीड़े, अपर कलेक्टर बोले यह भ्रामक जानकारी
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की ये मांग
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुराने नेशनल हाईवे और चर्च क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और यातायात निगरानी की व्यवस्था सख्ती से लागू की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। हालांकि, इटारसी थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में अभी तक पुलिस थाने में कोई शिकायत नहीं हुई है। शिकायत होने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.