चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित बापूधाम पुल पर शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक और एक युवती घायल हो गई। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार वॉक्सवैगन कंपनी की बताई जा रही है। चालक की पहचान नितेश के रूप में हुई है, जो बलटाना के हरमिलाप नगर का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। आशंका है कि तेज रफ्तार और नशे के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कार पुल से नीचे जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। युवती को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.