सोनीपत दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में वर्षों से लंबित पड़े गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के मामलों को लेकर प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। लंबे समय से भर्ती, पदोन्नति और सेवा नियमों की स्वीकृति जैसे मुद्दों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। यूनिवर्सिटी वीसी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि दशकों से अटके मामलों को अब प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। इस दिशा में कर्मचारी संगठनों के साथ हुई बैठकों में सकारात्मक चर्चा हुई और समाधान की रूपरेखा पर सहमति बनी।
गैर-शिक्षक प्रतिनिधियों के साथ हुई अहम बैठक
यूनिवर्सिटी वीसी की ओर से गैर-शिक्षक प्रतिनिधियों, सर्व कर्मचारी संघ जिला सोनीपत एवं सर्व हरियाणा विश्वविद्यालय कर्मचारी फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ 20 फरवरी और 23 फरवरी 2026 को महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि वर्षों से लंबित मामलों को चरणबद्ध तरीके से जल्द सुलझाया जाएगा। 14-15 वर्षों से नहीं हुई नियमित भर्ती
बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया कि पिछले लगभग 14-15 वर्षों से यूनिवर्सिटी में नियमित भर्ती नहीं हुई है। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकार से अनुमति प्राप्त होते ही नियमित भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी, ताकि कर्मचारियों की कमी को दूर किया जा सके और कार्यप्रणाली को मजबूती मिल सके।
सेवा नियमों की स्वीकृति और पदोन्नति का रास्ता साफ
गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के सेवा नियम (सर्विस रूल) विश्वविद्यालय की स्थापना से अब तक सरकार से स्वीकृत नहीं कराए जा सके हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सेवा नियमों को शीघ्र सरकार से स्वीकृत कराया जाएगा।
सेवा नियमों की मंजूरी के बाद योग्य कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ तुरंत दिया जाएगा। इसके साथ ही नए पद सृजित करने की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी, ताकि कर्मचारियों के कैरियर विकास के अवसर बढ़ सकें।
कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के सकारात्मक रुख की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय हित में सभी कर्मचारी एकजुट होकर सहयोग करेंगे और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
यूनिवर्सिटी हित में सामूहिक संकल्प
बैठक के दौरान कर्मचारी हितों के अलावायूनिवर्सिटी के समग्र विकास से जुड़े अनेक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया।
साथ ही सभी से आह्वान किया गया कि विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य किया जाए और संस्थान को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से मजबूत बनाया जाए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.