सरगुजा जिले के अंबिकापुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को घर के पास स्थित पानी की टंकी में छिपा दिया। इसके बाद वह पास की दुकान में जाकर बिरयानी खाई और अपने किराए के कमरे में जाकर सो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबिकापुर नगर के ट्रांसपोर्ट नगर से लगे बहेरापारा में सोमवार की रात आरोपी प्रभात नशे की हालत में घर पहुंचा था। पिता ने उसे शराब के सेवन को लेकर फटकार लगाई, जिससे दोनों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान प्रभात ने टांगी के पिछले हिस्से से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पिता लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को उठाकर पानी की टंकी में डाल दिया, ताकि घटना छिपाई जा सके। रात में पड़ोसियों ने घर से तेज आवाज में झगड़े की आवाज सुनी थी। बाद में घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मंगलवार सुबह थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में घटना को ‘बाय मिस्टेक’ होना बताया। पुलिस ने टंकी से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.