लुधियाना के ढंडारी खुर्द स्थित दीप कॉलोनी में 25 वर्षीय युवक ने भांग के नशे में अपने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भाग निकला लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान 44 वर्षीय सिकंदर चौहान के रूप में हुई है। वह अपने बेटे उमेश चौहान के साथ दीप कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। उमेश की मां और पत्नी उत्तर प्रदेश में रहती हैं।
रविवार शाम उमेश भांग के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर शांत कराया। कुछ देर बाद कमरे के बाहर खून बहता दिखाई दिया जिससे आसपास के लोग दोबारा मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलकर देखा गया तो सिकंदर चौहान खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। उनकी गर्दन पर कई बार चाकू से वार किए गए थे। वारदात के बाद उमेश मौके से भाग निकला।
वारदात की सूचना पर थाना फोकल पॉइंट पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नशे की हालत में था जिस कारण प्रारंभिक पूछताछ में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि उसके पिता उसकी पत्नी को परेशान करते थे। इसी कारण उसने गुस्से में आकर हत्या की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पत्नी इस समय लुधियाना में नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश स्थित गांव में रह रही है। ऐसे में हत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हत्या रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से की गई। आरोपी ने गर्दन पर कई वार किए जिससे मौके पर ही सिकंदर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.