दरभंगा जिले के बेनीपुर-बहेड़ी स्टेट हाईवे-88 पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सुजीत पासवान के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक उसकी पत्नी का भाई बताया जा रहा है, जिसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। वहीं, एक अन्य हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, सुजीत पासवान अपनी पत्नी के भाई के साथ बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौनी गांव अपने ससुर के श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पौड़ी गांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुजीत पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुजीत पासवान को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
परिवार में मचा कोहराम, सड़क जाम कर जताया आक्रोश
घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही थी। आक्रोशित लोगों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर बेनीपुर-बहेड़ी स्टेट हाईवे को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
पढ़ें- Bihar News: पटना को मिला नया सिविल सर्जन, डॉ. योगेन्द्र प्रसाद मंडल को सौंपी गई जिम्मेदारी
मौके पर पहुंचे अलीनगर के बीडीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
बहेड़ा थानाध्यक्ष हरिद्वार शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। घायल युवक का इलाज वहीं चल रहा है और दोनों परिवारों को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्कूटी सवार युवकों को मारी टक्कर
वहीं, दूसरी घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के पघारी गांव की है। जहां स्कूटी सवार दो युवकों की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हो गई। मृत युवकों की पहचान मिथुन कुमार और विविध कुमार के रुप में हुई है। मौके पर पहुंची बहेड़ी थाना की पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.