बिहार के छपरा में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सारण जिले के रसुलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौसपुर गांव के पास हुआ, जहां बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने युवक को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के नचाप गांव निवासी शमसुद्दीन मियां के 25 वर्षीय पुत्र सद्दाम हुसैन अंसारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर रसुलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर थाने पहुंचा दिया है।
बाजार जा रहा था युवक
परिजनों के अनुसार सद्दाम हुसैन गांव में एक छोटी गुमटी में किराना दुकान चलाता था और उसी से पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार को वह साइकिल से एकमा बाजार दुकान का सामान खरीदने जा रहा था। इसी दौरान गौसपुर गांव के समीप भोला मोड़ और देकुली गांव के बीच बालू लदे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। बताया जाता है कि हादसे के दौरान ट्रक का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां हुस्न तारा दहाड़ मारकर रोने लगीं और कई बार बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। वहीं पिता शमसुद्दीन मियां भी विलाप करते नजर आए।
ये भी पढ़ें: शादीशुदा महिला को इश्क करना पड़ा भारी, प्रेमी ने उतारा मौत के घाट फिर शव को लगाया ठिकाने
माता-पिता का सहारा था मृतक
ग्रामीणों ने बताया कि इंटरमीडिएट पास सद्दाम अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसी के सहारे पूरे परिवार का गुजारा चलता था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी अभी अविवाहित है। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.