ऊर्जा विकास निगम के दफ्तर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव नवीन और नवकरणीय ऊर्जा मनु श्रीवास्तव मौजूद रहे।
जिन घरों में छत नहीं हैं, उन घरों को सोलर एनर्जी से रोशन करने के लिए राज्य सरकार प्लानिंग करेगी। इस काम में केंद्र सरकार सहयोग करेगी। इसके साथ ही हर घर तक सोलर एनर्जी पहुंचाने को लेकर एमपी सरकार की कार्ययोजना में और बदलाव लाया जाएगा।
यह जानकारी अपर मुख्य सचिव नवीन और नवकरणीय ऊर्जा विभाग मनु श्रीवास्तव ने आज केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान दी। एमपी में छह लाख लोगों को सोलर बिजली कनेक्शन देने का टारगेट एचीव करने के लिए भी प्लानिंग की जा रही है।
एसीएस श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जो प्लान किए जा रहे हैं, उनसे भविष्य में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना में वृद्धि होगी। श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रदेश में बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है।
शुक्रवार को मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम में योजना को लेकर हुई बैठक में ऊर्जा विकास निगम के एमडी अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि प्रदेश में अब तक 83,330 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना की जा चुकी है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में लगभग 1150 वेंडर्स सौर संयंत्र स्थापना के कार्य में सक्रिय रूप से संलग्न हैं। घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या में वृद्धि के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान को और तेज किए जाने पर भी सहमति बनी।
केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सौर संयंत्रों की स्थापना के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों एवं उनके संभावित समाधानों पर चर्चा की गई। बैठक में तीनों ही विद्युत वितरण कम्पनियों के सीएमडी भी मौजूद रहे। बैठक में वेंडर्स, बैंकों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा घरेलू क्षेत्रों में सौर संयंत्र स्थापना के 6 लाख के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में भारत सरकार के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी जेके जेठानी (सीनियर डायरेक्टर), अनुभव उप्पल (साइंटिस्ट-डी), मनीष सिंह बिष्ट (साइंटिस्ट-डी), सुभन खान (कंसल्टेंट, PMU) सहित तीनों विद्युत वितरण कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी, REC लिमिटेड, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, वेंडर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.