रुपईडीहा। नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बांके जिला प्रशासन ने कड़ा निर्णय लिया है। प्रशासन ने घोषणा की है कि अब भारत–नेपाल सीमा 2 मार्च की रात 12 बजे से 5 मार्च की रात 12 बजे तक पूरी तरह सील रहेगी। इस अवधि में रुपईडीहा सीमा सहित जिले से जुड़े सभी सीमा नाकों पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
नेपाल के बांके जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। सहायक प्रमुख जिलाधिकारी बांके महेश कुमार गुरुंग ने बताया कि पहले सीमा को 3 मार्च से 5 मार्च तक बंद रखने का प्रस्ताव था, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे एक दिन पहले यानी 2 मार्च की आधी रात से ही लागू कर दिया गया है।
निर्णय के तहत सीमा पार किसी भी प्रकार की आवाजाही, चाहे वह निजी हो या व्यावसायिक, अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी। 5 मार्च को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद स्थिति की समीक्षा कर सीमा पर आवागमन पुनः बहाल किया जाएगा।
रुपईडीहा बॉर्डर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, इलाज, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से आवाजाही करते हैं। ऐसे में सीमा बंदी का असर सीमावर्ती इलाकों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। प्रशासन ने आम नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से सुनिश्चित कर लें और निर्धारित अवधि में सीमा बंदी के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.