मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे घने कोहरे के कारण एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में लगभग छह बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिव शरण साह की त्वरित कार्रवाई से सभी घायलों की जान बचाई जा सकी।
हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस।
जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, खिरहर थाना क्षेत्र के बौरहर में एक मित्र की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद करीब एक दर्जन युवक सीतामढ़ी लौट रहे थे। मोहम्मदपुर पुल पर चढ़ने के बजाय, घने कोहरे के कारण तीन बाइक पर सवार छह दोस्त लगभग 40-50 फीट गहरी खाई में गिर गए। दृश्यता कम होने के कारण वे पुल का रास्ता भटक गए और बेकाबू होकर झाड़ियों में जा फंसे।

हादसे में घायल लोगों को खाई से बाहर निकाला गया।
राहगीरों ने सुनी मदद की गुहार
रात के अंधेरे में किसी ने उन्हें गिरते हुए नहीं देखा। हालांकि, खाई में फंसे युवक जोर-जोर से मदद के लिए गुहार लगा रहे थे। इसी दौरान दरभंगा से लौट रहे हरिणे गांव के प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार झा और पत्रकार मोहन झा ने आवाज सुनकर अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने देखा कि 5-6 युवक अपनी बाइकों के साथ नीचे घायल अवस्था में पड़े थे। विनोद झा ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि लूटपाट हो रही है, लेकिन बाद में पता चला कि ये घायलों की आवाजें थीं।

झाड़ियों में से बाइक को निकालते हुए पुलिस और अन्य लोग।
थानाध्यक्ष की त्वरित कार्रवाई से बची जान
पत्रकार मोहन झा ने तत्काल बेनीपट्टी थाना इंचार्ज सह इंस्पेक्टर शिव शरण साह को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष साह, एसआई ममता कुमारी और एएसआई संतोष कुमार सहित पुलिस बल के साथ मुश्किल से पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने फंसे हुए युवकों को बाहर निकाला और झाड़ियों में फंसी बाइकों को भी महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की मदद से बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.