सिवनी पुलिस ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजा रहे एक संचालक का साउंड सिस्टम और वाहन जब्त कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि सोमवार 23 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली थी। मिलन लॉन के सामने निर्धारित समय के बाद भी बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। सूचना मिलते ही एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में डीजे संचालक रामअवतार गेंडरे द्वारा नियमों का उल्लंघन कर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करना पाया गया। पुलिस ने आरोपी रामअवतार गेंडरे के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की धारा 7/15 के तहत मामला दर्ज किया। मौके से एक पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 04 क्यूडी 6455), छह बड़े स्पीकर बॉक्स, एम्प्लीफायर मशीन, आठ हॉर्न, तीन डिस्को लाइट और एक जनरेटर जब्त किया गया। जब्त की गई सामग्री को थाने में सुरक्षित रखा गया है। यह उल्लेखनीय है कि इस घटना से दो दिन पहले भी कोतवाली पुलिस ने महामाया लॉन (भैरोंगंज) और प्रकाश नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डीजे पर कार्रवाई की थी। पुलिस ने डीजे संचालकों और आयोजकों को कड़ी चेतावनी दी है। बिना अनुमति और निर्धारित समय सीमा के बाद तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी, एसआई डालचंद ग्यारसिया, आरक्षक सौरभ ठाकुर, लोकेश सरयाम सहित अन्य पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.