रेलवे ने परिचालनिक कारणों से सीवान होकर चलने वाली 6 सवारी ट्रेनों को 25 दिसंबर से 1 फरवरी 2026 तक के लिए रद्द कर दिया है. इनमें सीवान-गोरखपुर, सीवान-समस्तीपुर और गोरखपुर-छपरा रूट की गाड़ियां शामिल हैं. इस फैसले से दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि परिचालनिक कारणों के चलते अलग-अलग तिथियों में इन ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके.
ये ट्रेनें हुईं रद्द
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 55041 सीवान–गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी दिनांक 26 दिसंबर 2025 से 01 फरवरी 2026 तक निरस्त रहेगी. वहीं, इसके विपरीत दिशा में चलने वाली गाड़ी संख्या 55042 गोरखपुर कैंट–सीवान सवारी गाड़ी को 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक रद्द किया गया है.
इसके अलावा सीवान और समस्तीपुर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण सवारी गाड़ियां भी इस निर्णय की चपेट में आई हैं. गाड़ी संख्या 55122 सीवान–समस्तीपुर सवारी गाड़ी तथा गाड़ी संख्या 55121 समस्तीपुर–सीवान सवारी गाड़ी दोनों को ही 26 दिसंबर 2025 से 01 फरवरी 2026 तक निरस्त रखने का निर्णय लिया गया है. ये ट्रेनें इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद अहम मानी जाती हैं.
इसी क्रम में गोरखपुर और छपरा के बीच सीवान होकर चलने वाली सवारी ट्रेनों को भी अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है. गाड़ी संख्या 55056 गोरखपुर–छपरा सवारी गाड़ी और गाड़ी संख्या 55055 छपरा–गोरखपुर सवारी गाड़ी को 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक निरस्त किया गया है.
यात्रियों को करना होगा वैकल्पिक उपाय
ट्रेनों के रद्द होने से सीवान जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों के यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ेगा, जिससे यात्रा का खर्च और समय दोनों बढ़ने की संभावना है. खासकर त्योहारों और नए साल के दौरान ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है.
रेलवे प्रशासन का कहना है कि परिचालनिक कारणों के समाप्त होते ही ट्रेनों का संचालन पुनः सामान्य कर दिया जाएगा. फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी स्टेशन से ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर यात्रा की योजना बनाएं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.