मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 22 जनवरी को सीवान पहुंचेंगे। वे अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत जिले को लगभग 200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें हेलीपैड से लेकर जनसंवाद स्थल तक की व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री अपने कार्यक्रम की शुरुआत मैरवा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण से करेंगे। इसके बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास स्टॉलों का जायजा लेंगे। यात्रा का मुख्य आकर्षण सात प्रखंडों में अत्याधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवनों का शिलान्यास है। ये भवन भगवानपुरहाट, हुसैनगंज, गोरेयाकोठी, बसंतपुर, मैरवा, गुठनी और दरौली में बनेंगे। प्रत्येक भवन की लागत लगभग 16.62 करोड़ रुपये होगी, जिससे प्रशासनिक सेवाओं में दक्षता और पारदर्शिता आएगी। 2 पंचायत सरकार भवनों का करेंगे उद्घाटन इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री बड़हरिया प्रखंड के कैलगढ़ और पड़रौना खुर्द पंचायतों में निर्मित दो पंचायत सरकार भवनों का भी उद्घाटन करेंगे। इन भवनों से ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक सुविधाओं में सुधार होगा।ऊर्जा क्षेत्र में भी सीवान को महत्वपूर्ण सौगात मिलेगी। मैरवा में प्रस्तावित विद्युत पावरग्रिड का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे जिले में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री कंधवारा मोहल्ला स्थित दाहा नदी के किनारे निर्मित आधुनिक शवदाह गृह का भी उद्घाटन करेंगे। लगभग 8 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से बने इस केंद्र में दो इलेक्ट्रिक और एक लकड़ी आधारित दाह सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे शहरवासियों को आधुनिक अंतिम संस्कार की सुविधा मिलेगी। अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य तेज इसके अलावा, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में 4 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से पूरी हुई आठ सड़कों और नालों का भी उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सीवान शहर में सड़क किनारे कचरे की सफाई, नालियों की उड़ाही और अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य तेज कर दिया गया है। नगर परिषद ने सड़कों और चौराहों की रंगाई-पुताई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और विशेष सफाई अभियान शुरू किया है।डीएवी कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के लिए दो हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। जनसंवाद, सड़क निरीक्षण और समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री शाम को पटना लौट जाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.