सिरोही के पालडीएम थाना क्षेत्र में श्वान से डरी एक गाय कार के बोनट पर चढ़ गई। जिससे कार का शीशा टूट गया। कांच लगने से कार सवार दो लोग भी घायल हो गए। जानकारी में सामने आया है मंगलवार रात उथमन गांव में एक कार ड्राइवर धीमी गति से अपने घर की ओर जा रहा था। तभी अचानक एक श्वान ने गाय का पीछा किया, जिससे गाय भागते हुए सीधे कार के ऊपर बोनट पर चढ़ गई। इस हादसे में कार का सामने का शीशा टूट गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार दो लोगों को कांच लगने से चोटें आईं। कार मालिक को इस घटना में करीब 25 हजार रुपए का नुकसान हुआ। पीड़ित यह तय नहीं कर पाया है कि वह किसके खिलाफ और कहां रिपोर्ट दर्ज कराए, जिससे उसकी मजबूरी साफ झलकती है। गौरतलब है कि शहरों और गांवों में बेसहारा पशुओं और श्वान का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिरोही जिले में इनकी बढ़ती संख्या के कारण सड़क दुर्घटनाएं और लोगों के घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इन हादसों में सबसे अधिक नुकसान दोपहिया वाहन सवारों को उठाना पड़ रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.