Sikar News: शेखावाटी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए रेलवे बड़े स्तर पर रेल नेटवर्क विस्तार की योजना पर काम कर रहा है. खाटूश्यामजी, सालासर, जीणमात, लाडनूं, मुकाम और देशनोक को जोड़कर धार्मिक पर्यटन सर्किट बनाने की तैयारी है. खाटूश्यामजी से रींगस तक 17.49 किमी नई रेललाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि पलसाना और सुजानगढ़ रूट का सर्वे जारी है. इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और शिक्षा व व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.
राजस्थान में सबसे अधिक धार्मिक पर्यटन शेखावाटी क्षेत्र में होता है. यहां रोजाना लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन करेंगे आते हैं. ऐसे में यहां बढ़ते धार्मिक पर्यटन को रेलवे के जरिए सरकार ने नई उड़ान देने का प्लान बनाया है. इसके लिए रेलवे शेखावाटी अंचल के अलग- अलग धार्मिक हिस्सों को रेल लाइन के जरिये जोड़ने की प्लानिंग बना रहा है. अगर प्लान धरातल पर लागू हुआ तो शेखावाटी के प्रमुख धार्मिक स्थलों छह प्रमुख धार्मिक स्थल एक पर्यटन सर्किट के के रूप में जुड़ जाएंगे.

नई रेल लाइनों व टूनों से शिक्षा व व्यापार को भी नई गति मिलेगी. इससे शेखावाटी आस्था, अध्ययन और आजीविका के उभरते केंद्र के रूप में नई पहचान बना सकेगा. सीकर में खाटूश्यामजी से रींगस तक की करीब 17.49 किमी की नई ब्रॉडगेज रेललाइन का काम 254 करोड़ की लागत से चल रहा है. दूसरी और खाटूश्यामजी से पलसाना की 17.98 किमी और सीकर से से रसीदपुरा होते हुए सालासर व सुजानगढ़ तक की 84.03 किमी नई रेललाइन का सर्वे भी किया जा रहा है.

वहीं, लाडनूं से सुजानगढ़ तक की रेललाइन पहले से हैं और उसे नोखा तक विस्तारित करने की कवायद फिर से शुरू हो गई है. ऐसे में खाटूश्यामजी, जीणमात सालासर, लाडनूं के जैन विश्वभारती, मुकाम के गुरु जंभेश्वर के समाधि स्थल व देशनोक के करणी माता मंदिर तक आपस में जुड़ने से नया धार्मिक पर्यटन सर्किट तैयार होगा खाटूश्यामजी से दोतरफा कनेक्टिविटी आसान होगी और श्रद्धालु आसनी से एक बार में खाटूश्यामजी से लेकर करणी माता मंदिर में दर्शन कर सकेंगे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जानकारी के अनुसार, खाटूश्यामजी आगामी वर्षों में रींगस व पलसाना दो रेल लाइनों से जुड़ेगा. इसमें रींगस रूट पर केरपुरा से होकर लामियां रोड पर लखदातार मैदान के पास हाइटेक तरीके का रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा. अगले चरण में खाटू रेलवे स्टेशन दांता रोड पर स्वामियों की ढाणी से खेतर स्थल के पास से वाया गोरधनपुरा पलसाना रेलवे स्टेशन तक जुड़ेगा. पलसाना से सीकर से रसीदपुर खोरी तक पहले से रेल सेवा से जुड़ा हुआ है. रेलवे ने रसीदपुर खोरी से लक्ष्मणगढ़, जाजोद, सालासर होते हुए सुजानगढ तक रेलवे लाइन का विस्तार होगा.

आपको बता दें कि, रींगस से सीकर के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी मिल गई है. जल्द ही ये काम शुरू भी होने वाला है. इसके अलावा दोहरीकरण के लिए सर्वे रींगस से सीकर होते हुए लुहारू तक था. अगले चरण में सीकर से लुहारु दोहरीकरण को भी मंजूरी मिल सकती है. वहीं, जयपुर से चौमूं के बीच भी रेल लाइन का दोहरीकरण प्रस्तावित है. इसके अलावा नवलगढ़ के पास सीमेंट प्लांट के लिए नवलगढ़, कोलीड़ा, बेरी में अतिरिक्त लाइन बिछाना प्रस्तावित है. ऐसे में यहां यात्रियों के साथ मालगाड़ियों की आवाजाही भी बढ़ेगी.

जयपुर एडीआरएम गौरव गौड़ ने जानकारी दी कि खाटूश्यामजी से रींगस रेललाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही रींगस से सीकर रेलखंड के दोहरीकरण (डबलिंग) के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है. जयपुर से चौमू रेलखंड के दोहरीकरण और सीकर से सुजानगढ़ नई रेललाइन के लिए सर्वे कार्य जारी है. इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शेखावाटी अंचल में रेल सेवाओं का व्यापक विस्तार होगा और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.