क्राइम रिपोर्टर।दरभंगा दुकानदारों पर लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों दुकानदारों ने सोमवार को “उप नगर आयुक्त मुर्दाबाद”, “नगर आयुक्त मुर्दाबाद”, “दुकानदारों को न्याय दो” और “उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करो” जैसे नारों के साथ डाक बंगला से चट्टी चौक तक मार्च निकाला और वहां नगर आयुक्त व उप नगर आयुक्त का पुतला दहन किया। दुकानदारों का आरोप है कि पटना उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश (सीडब्लूजेसी संख्या 13134/24) की अवमानना करते हुए नगर निगम के उप नगर आयुक्त ने लहेरियासराय के बीके रोड स्थित चार दुकानों को बुलडोजर से तोड़वा दिया। इन दुकानों में रखे कपड़े, दवाइयां एवं अन्य सामान लाखों रुपए मूल्य के थे, जो पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई के विरोध में दुकानदार शांतिपूर्वक धरने पर बैठे थे, तभी उप नगर आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में दर्जनों दुकानदार घायल हो गए, जिनका इलाज डीएमसीएच में कराया गया। आरोप है कि इस दौरान मीडिया कर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और कैमरा छीनने का प्रयास किया गया, ताकि पूरी घटना आम जनता के सामने न आ सके। वहीं, कई दुकानदारों को घंटों तक डाक बंगला परिसर में बंधक बनाकर रखे जाने का भी आरोप लगाया गया। दुकानदारों ने बताया कि उच्च न्यायालय का स्पष्ट आदेश था कि पहले बीके रोड में नया बाजार भवन बनाकर सभी दुकानदारों को पुनर्स्थापित किया जाए, उसके बाद ही दुकानें खाली कर तोड़ी जाएं। इस संबंध में उप नगर आयुक्त ने स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर काउंटर एफिडेविट दाखिल करते हुए छह माह में नया बाजार भवन बनाकर दुकानदारों को पुनर्स्थापित करने का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके, आदेश की अनदेखी कर जबरन कार्रवाई की गई। दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। इस विरोध प्रदर्शन में दरभंगा नगर निगम व्यवसाय महासंघ ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक नायक के साथ-साथ देवेंद्र झा, शंकर चौधरी, पिंकी झा, दीपक जायसवाल, प्रवीण झा, मनोज चौधरी, एजाज अहमद, प्रभाकर सिंह, आनंद मिश्रा, नरसिंह यादव, राजेश चौधरी, सुमन गुप्ता, पंकज सोनी, विकाऊ चौधरी, संजीव मुखिया, सुनील कुमार आदि थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.