सड़कें फिसल रहीं, बिजटी कटी
इस ताजा बर्फबारी से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, वहीं यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. घाटी के भीतर और कुल्लू–मनाली की ओर से आने-जाने वाले सभी वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है. भारी हिमपात के चलते घाटी में बीती रात से बिजली आपूर्ति भी बाधित है, जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और सैलानियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है.
कसौली में कई वाहन क्षतिग्रस्त
पर्यटन क्षेत्र कसौली में तहसील में पेड़ गिरने से चार गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. तेज बारिश और तूफान के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कई वाहन चपेट में आ गए. हालांकि किसी जानी नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन वाहनों को काफी क्षति हुई है. यह घटना शुक्रवार सुबह के समय तहसील के समीप हुई, जहां अचानक भारी भरकम पर पेड़ गिर गया. इसमें से दो गाड़ियां कसौली तहसीलदार और दो गाड़ियां तहसील में काम करने वाले कर्मचारियों की हैं.
सफेद चादर में लिपटा किन्नौर
किन्नौर में आज सुबह से ही बर्फबारी हो रही है, जिससे यहां लंबे समय से बनी सूखे की स्थिति से किसानों और बागबानों को भारी राहत मिली है. उम्मीद है कि इस बर्फबारी से चश्में चार्ज होंगे और पानी की कमी नहीं होगी. उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि जिला किन्नौर में कल रात से ही बर्फबारी हो रही है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, ये बर्फबारी अगले 3, 4 दिनों तक जारी रहेगी. जो पर्यटक घूमने आए हैं, उनके लिए जिला प्रशासन ने कुछ हिदायतें जारी की हैं. पर्यटकों से अनुरोध है कि वे ऊंचे इलाकों पर न जाएं और जहां हैं वहीं पर रहें. आपात स्थिति में डीडीएमए किन्नौर के टोल फ्री नंबर 1077 पर भी संपर्क कर सकते हैं. 112 पर भी संपर्क किया जा सकता है. जनजातीय जिले किन्नौर के निचले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो रही है, जबकि कल्पा और पूह ब्लॉक में बर्फबारी कम है.
बचाए गए तूफान में फंसे 5 सैलानी, स्कूल बंद

बंजार के जलोड़ी जोत के समीप कैंप में बर्फीले तूफान में फंसे 5 सैलानियों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया है. पुलिस ने सभी सैलानियों को सुरक्षित जगह पहुंचाया. एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने इस बारे में जानकारी दी. मंडी में भी बारिश और बर्फबारी से मौसम कूल-कूल हो गया है. शिकारी देवी, कमरूघाटी और पराशर ऋषि में ताजा हिमपात देखने को मिली है. बारिश और बर्फबारी होने से लोंगों को ड्राई स्पैल से राहत मिली है. किसानों-बागवानों के चेहरे खिल गए हैं. भारी बर्फबारी के चलते कुल्लू जिले के मनाली और बंजार उपमंडल में 24 जनवरी को शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी. हिमाचल में हो रही बर्फबारी से अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है. पारा सामान्य से 8 डिग्री नीचे गिर गया है. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटे में 13.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. शिमला का अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री कम हुआ, जो 0.6 डिग्री रहा. न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री तक हो सकता है. इसका पता कल (शनिवार) सुबह लगेगा. उप-मंडल मजिस्ट्रेट बंजार, जिला कुल्लू की ओर से बंजार-जिभी-सोझा-जलोरी क्षेत्र में मौजूदा मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए आम जनता और पर्यटकों को कई सलाह दी गई है. इसमें कहा गया है कि केवल वाहनों को घियागी तक जाने की अनुमति है. पर्यटकों को जिभी/घियागी तक ही रुकने की सलाह दी जाती है. मौसम और सड़क की स्थिति में सुधार होने तक आम जनता और पर्यटक अनावश्यक यात्रा और ट्रैकिंग गतिविधियों से बचें.
प्रशासन को युद्ध-स्तर पर काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बर्फबारी देखते हुए जन-जीवन को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन को दिशा-निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने बर्फबारी के कारण कुछ क्षेत्रों में प्रभावित आवश्यक सेवाओं को तुरंत बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल और अन्य जरूरी जन सेवाओं को प्रदान करने वाले संस्थानों के मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर यातायात के लिए बहाल किया जाए. बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मी और मशीनरी तैनात की जाए ताकि लोगों को किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े. मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सक्रिय रूप से पालन करने को कहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.