Himachal Chamba Alert: किश्तवाड़ आतंकी घटना के बाद चंबा जिला की जम्मू-कश्मीर सीमा सील कर सुरक्षा बढ़ाई गई है, एसपी विजय सकलानी के अनुसार सभी चेक पोस्ट अलर्ट पर हैं और सघन जांच जारी है. चंबा जिले की सीमा जम्मू एवं कश्मीर के साथ लगती है. ऐसे में 13 पुलिस पोस्ट पर चौकसी बढ़ाई गई है.
दरअसल, आतंकी वारदात के बाद तीन आतंकियों के फरार होने की सूचना से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. इसी को देखते हुए चंबा पुलिस व अन्य सुरक्षा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं. डोडा–किश्तवाड़ मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां प्रत्येक वाहन की गहन तलाशी के साथ यात्रियों की पहचान और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है.
उल्लेखनीय है कि चंबा जिला की लगभग 216 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमा जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील जिलों डोडा और कठुआ से जुड़ी हुई है. इस संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरत रहा है. सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है.किश्तवाड़ में हुई घटना के बाद सेना और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसी क्रम में चंबा जिला भी पूरी तरह सुरक्षा घेरे में है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.
अतिरिक्त एसपीओ की तैनाती
चंबा के एसपी विजय सकलानी ने बताया कि चंबा से लगती पंजाब और जम्मू-कश्मीर की सीमाओं पर कुल 13 पुलिस पोस्ट स्थापित हैं, जिनमें दो बॉर्डर चेक पोस्ट शामिल हैं. इनमें एक संसारी नाला और दूसरी सेवा पुल के समीप खैरी में स्थित है. सभी पोस्टों पर पुलिस बल के साथ विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) तैनात किए गए हैं.उन्होंने बताया कि सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त एसपीओ की तैनाती की गई है. जिले की सभी चेक पोस्टों को अलर्ट मोड पर रखते हुए वाहनों और लोगों की सघन जांच लगातार जारी है. प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.