मनाली. हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद मनाली शहर ठहर गया है. यहां पर नेशनल हाईवे अब तक बंद पड़ा है और सैलानियों से लेकर आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है. आज मनाली के पास नेशनल हाईवे खुलने के आसार हैं. हालांकि, एक बार फिर से भारी बर्फबारी का अलर्ट आ गया है. सोमवार को प्रदेशभर में हल्क धूप और बादल छाए हैं. ऐसे में 27 जनवरी को प्रदेश में मौसम विभाग ने बर्फबारी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अहम बात है कि कुल्लू पुलिस ने भी मनाली आने वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी की है.
कुल्लू पुलिस ने अपनी एडवाजयरी में कहा कि मनाली एवं आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के कारण शहर औऱ स्थानीय संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हैं. सड़कों को बहाल करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. हालांकि, बहाली के लिए अभी कुछ समय लग सकता है. ऐसे में स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है.
मनाली में पैदल जाते सैलानी.
कुल्लू पुलिस ने कहा कि मौसम विज्ञान विभाग ने 27 जनवरी को दोबार बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. यदि इस दौरान भारी बर्फबारी के कारण पतलीकूहल से आगे मार्ग अवरुद्ध हो जाता है, तो ऐसी स्थिति में पर्यटकों एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मनाली की ओर जाने वाले वाहनों को भुंतर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ऐसे में कुल्लू एवं आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री राइट बैंक मार्ग का प्रयोग करें. कुल्लू पुलिस ने मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है.

मनाली में बर्फबारी के बीच फंसे वाहन.
कुल्लू जिले का हाल जानिये
कुल्लू जिले में भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन पर खासा असर पड़ा है. यहां पर 18 मील के पास रोड़ तो खुल गया है. लेकिन ट्रैफिक जाम है और गाड़ियां बर्फ में फंसी हैं. राइट बैंक से सड़क वन वे है और ऐसे में मनाली से निकलने में बड़ी मुश्किल आ रही है. कुल्लू जिले में कुल 174 रोड बंद हैं. इसमें रामपुर आनी नेशनल हाईवे के अलावा, लेह मनाली हाईवे भी बंद है.

कुल्लू जिले में भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन पर खासा असर पड़ा है.
पुलिस ने निकाली गाड़िया
बताया जा रहा है कि मनाली की तरफ से कुल्लू पुलिस ने पतलीकुहल के लिए बीते कल रविवार को 2500 के के करीब गाड़ियां निकाली हैं. उधर, मनाली के होटलों में फंसे सैलानी पैदल ही अपने लगैज के साथ सड़कों पर नजर आए. मनाली के पतलीकूहल से आगे मंडी की तरफ रास्ता साफ है और नेशनल हाईवे पर बर्फबारी नहीं हुई है. मनाली से पतलीकूहल के बीच आवाजाही खुल गई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.