शुरुआती जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 9 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस जिला शिमला के उपमंडल कुपवी और चौपाल की सीमा के मिन्स पुल से लगभग 20 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के जिला देहरादून की चकराता तहसील स्थित क्वाणू (शोदोई खड़) क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि हादसे की वजह सड़क का डंगा धंसना हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है. दुर्घटना के दौरान बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नाले में जा गिरी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में कुल 38 लोग सवार थे, जिनमें से 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शेष यात्री घायल हुए हैं. घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से विकासनगर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. मौके पर उत्तराखंड प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद हैं, वहीं पुलिस, हिमाचल पुलिस के जवान और नेरवा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. दुर्घटनाग्रस्त एचआरटीसी बस का नंबर HP63A2588 बताया जा रहा है, जो आज सुबह रोजाना की तरह चौपाल से विकासनगर होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी, लेकिन हिमाचल सीमा के मिन्स पुल से करीब 20 किलोमीटर आगे क्वाणू (उत्तराखंड) के पास हादसे का शिकार हो गई. बस में चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश सहित कुल 38 लोग सवार बताए जा रहे हैं, और प्रारंभिक सूचना के अनुसार चालक की मौत हो चुकी है.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की.
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, क्योंकि कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूरे मामले का संज्ञान लिया. मुख्यमंत्री ने डीसी शिमला से फोन पर बात कर दुर्घटनाग्रस्त एचआरटीसी बस, मृतकों और घायलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च संस्थानों में रेफर किया जाए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.