शेखपुरा के शेखोपुर सराय थाना क्षेत्र के सुगिया मोड़ स्थित एक डीजे दुकान में देर रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब दुकान मालिक सोनू कुमार अपनी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने शटर का ताला टूटा हुआ पाया। दुकान के अंदर प्रवेश करने पर उन्हें आधा दर्जन से अधिक कीमती मशीनें और कई बॉक्स गायब मिले। दुकान के भीतर सामान भी बिखरा हुआ था। सोनू कुमार ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित सोनू कुमार ने बताया कि चोर लगभग 12 लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा ले गए हैं। इस घटना से दुकानदार और उनके परिवार में निराशा है। शेखोपुर सराय थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.