खरगोन के कसरावद तहसील और आसपास के ग्रामीण अंचलों में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को तेज हवा, आंधी और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी मक्का, गेहूं और चना फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया।
करीब 15–20 मिनट तक चली इस आपदा ने किसानों के चेहरे पर मायूसी ला दी। किसानों के अनुसार, मक्का की फसल पूरी तरह से जमीन पर गिर गई है और इसे दोबारा खड़ा करना मुश्किल है। गेहूं की बालियां टूट गई हैं और चने की फसल भी नुकसान में है।
पढे़ं: ओंकारेश्वर में बड़ा हादसा: नर्मदा स्नान के दौरान गुजरात के दो युवक डूबे; गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान तेज
कसरावद क्षेत्र के ग्राम दोगांवां छोटी, अहील्यापुरा और गवाला समेत कई गांवों में ओलों की मोटी परत खेतों पर छा गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ओलों की परत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो कश्मीर का दृश्य सामने आ गया हो। किसान प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वेक्षण और उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।