साइबर सिटी में चार निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बम से स्कूल उड़ाने की धमकी ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन, पुलिस विभाग व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एहतियात के तौर पर चारों स्कूलों में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। बच्चों को भी सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसर बाहर निकाला जा रहा है।
गुरुग्राम में जिन 4 निजी स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें डीएलएफ फेज-1 स्थित कुंसकपालन स्कूल, सेक्टर-53 स्थित लैंसर्स स्कूल, सेक्टर-64 स्थित हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल और बादशाहपुर स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल के नाम शामिल हैं। स्कूलों को बम धमकी वाला ईमेल मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए। एसडीआरएफ की टीमें भी सहायता के लिए बुलाई गई है और जांच कार्य में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा चारों स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर है। छात्रों व स्टाफ की स्कूलों से बाहर किया गया है।
स्कूलों प्रबंधन के अनुसार बुधवार की सुबह के समय उन्हें ईमेल के माध्यम से धमकी मिली है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस धमकी का पता उस समय चला जब बच्चों का स्कूल आने का समय हो गया था। बसें बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचने लगी थी। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन की तरफ से पेरेंट्स को मैसेज भेजा गया कि वे अभी बच्चों को स्कूल न भेजें। जो बच्चे स्कूल में आ चुके हैं, उन्हें बाहर भेजा गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.