राजपुरा के पुराना राजपुरा इलाके के गुजरानवाला मोहल्ला में रहने वाला सात साल का बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद यह मामला अपहरण का निकला है। पुलिस ने पड़ोस की रहने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। बच्चे की पहचान अभि के तौर पर हुई है। 17 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे बच्चा घर के बाहर से अचानक गायब हो गया। काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरे मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां ढूंढने के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तो पुलिस को सूचित किया।
सीसीटीवी ने खोला राज, पड़ोसन पर शक की सुई
पुलिस ने जब मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की तो चौंकाने वाला सुराग हाथ लगा। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि मासूम अभि को उसी के मोहल्ले की रहने वाली ललिता नाम की महिला अपने साथ बहला-फुसलाकर ले जा रही है। इस फुटेज के सामने आते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि ललिता उनके पड़ोस में ही रहती थी और बच्चे उसे अच्छी तरह पहचानते थे।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी प्रमुख गुरसेवक सिंह ने पुलिस बल के साथ जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों के बयानों और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला ललिता के खिलाफ अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बच्चा खन्ना से बरामद, पुलिस टीम रवाना
थाना प्रमुख गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है जो तकनीकी निगरानी और ग्राउंड इनपुट पर काम कर रही हैं। आरोपी महिला की लोकेशन ट्रेस करने के लिए बनूड़, राजपुरा शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। वहीं जानकारी मिल रही है कि बच्चा खन्ना से बरामद हो गया है और राजपुरा से पुलिस की टीमें खन्ना के लिए बच्चे को लेने के लिए इंस्पेक्टर बलबीर सिंह की अगुवाई में निकल चुकी हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.