सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के आजादपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आजादपुर निवासी संदीप यादव पोखरा गांव के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। युवक का एक पैर और हाथ की एक उंगली कटी हुई थी, वहीं शरीर पर जलाने के भी निशान पाए गए हैं। वह लहूलुहान हालत में पड़ा था, जिसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लेकिन मामला उस समय और रहस्यमयी हो गया, जब घायल युवक के मिलने के स्थान से कुछ ही दूरी पर एक हिरण मृत अवस्था में पाया गया। इस संयोग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या युवक पर हमला और हिरण की मौत आपस में जुड़े हैं या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है?
पढ़ें: गोवंश प्रतिषेध प्रकरण में अपीलीय आदेश खारिज, याचिकाकर्ता को राहत; हाईकोर्ट ने दिया महत्वपूर्ण निर्णय
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम, बरगवां रेंजर और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस और वन अमला संयुक्त रूप से पूरे घटनाक्रम की तह तक जाने में जुटे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। अब सबकी नजर जांच पर टिकी है कि इस सनसनीखेज वारदात का सच सामने आ पाएगा या मामला लंबी जांच में उलझ जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.