- कॉपी लिंक
सीकर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत गुम हुए 503 मोबाइल ढूंढ दिए। इनकी मार्केट वैल्यू करीब 1.20 करोड़ से ज्यादा है। आज सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने अपने ऑफिस में लोगों को मोबाइल सौंपे।
सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि CEIR पोर्टल पर सर्च मोबाइल गुमशुदगी की रिकवरी करने के लिए पुलिस ने 17 जनवरी 2026 से 5 मार्च 2026 तक “ऑपरेशन विश्वास” चलाया था। इसके तहत ही अलग-अलग जगह से 503 मोबाइल ढूंढे गए। इन मोबाइल्स की कीमत 1 करोड़ 20 लाख से ज्यादा है।

सबसे ज्यादा मोबाइल कोतवाली और उद्योग नगर पुलिस ने ढूंढे। दोनों पुलिस थानों की टीम ने करीब 170-170 से ज्यादा मोबाइल ढूंढे। लोगों से अपील है कि यदि उनका मोबाइल गुम चोरी होता है तो वह तुरंत इसकी शिकायत CEIR पोर्टल पर करें। ताकि मोबाइल को ट्रेस किया जा सके।
एसपी प्रवीण नायक ने बताया कि इससे पहले पिछले साल अभियान में करीब 421 मोबाइल बरामद किए गए थे। इस बार 503 मोबाइल बरामद किए गए। जो जिले की अब तक की सबसे बड़ी सफलता है।
एसपी ने बताया कि इस अभियान के तहत किसी अपराधी को नहीं पकड़ा जाता है क्योंकि यदि कोई मोबाइल कहीं गुम हो जाता है और फिर किसी को वह मोबाइल मिलता है तो पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने की वजह से मोबाइल को ट्रेस करके उसकी लोकेशन का पता लगाया जाता है और फिर मोबाइल पुलिस बरामद करके उसके मालिक को सौंप देती है।

आज लोगों को मोबाइल सौंपने के दौरान सीकर एडिशनल एसपी डॉ.तेजपाल सिंह, रैपिड इनवेस्टिगेशन सेल के एडिशनल एसपी गिरधारीलाल शर्मा,सीओ सिटी संदीप चौधरी,सीओ धोद सुरेश कुमार शर्मा,उद्योग नगर SHO राजेश कुमार बुडानिया, साइबर सेल के अंकुश,राकेश और महेश, कोतवाली पुलिस थाने के कॉन्स्टेबल आशीष सहित टीम मौजूद रही।
इस तरह से CEIR पोर्टल पर दर्ज करें शिकायत
- मोबाइल गुम होने या चोरी होने की सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।
- FIR की कॉपी अपने पास रखें।
- CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। वेबसाइट https://www.ceir.gov.in पर जाएं।
- Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनें।
- मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, FIR की कॉपी, पहचान पत्र और मोबाइल खरीद का बिल अपलोड करें।
- फॉर्म जमा करने पर एक रिक्वेस्ट आईडी मिलेगी, जिससे आप शिकायत की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं।
- टेलिकॉम सेवा प्रदाता को सूचित करें। अपने मोबाइल नंबर के लिए डुप्लीकेट सिम कार्ड लें, क्योंकि CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के लिए यह जरूरी है।
- ध्यान दें कि नई सिम पर SMS सुविधा 24 घंटे बाद सक्रिय होती है।मोबाइल का IMEI नंबर जानने के लिए *#06# डायल करें या मोबाइल के पैकेजिंग बॉक्स/बिल पर देखें।
- CEIR पोर्टल पर शिकायत नजदीकी ई-मित्र पर भी जाकर करवा सकते हैं।
शिकायत से मोबाइल मिलने की संभावना
CEIR पोर्टल दूरसंचार विभाग (DoT) और डिजिटल इंडिया का एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, जो मोबाइल चोरी और गुमशुदगी की समस्या से निपटने के लिए शुरू किया गया है। यह पोर्टल IMEI नंबर के आधार पर मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक करने में मदद करता है। पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद, जैसे ही चोरी या गुम हुए मोबाइल में नई सिम डाली जाती है, पुलिस को उसकी जानकारी मिल जाती है। इसके बाद डिवाइस को बरामद कर मालिक को सौंपा जाता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
