रोहतास जिले के धौडा़ड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में जल संसाधन विभाग के एक अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बक्सर जिले के दफाडीह गांव निवासी जगन्नाथ सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। रोहित कुमार डेहरी स्थित जल संसाधन विभाग में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात रोहित कुमार अपनी बुलेट बाइक से डेहरी से सासाराम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर लेरूआ पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- Bihar Election: विधानसभा की तरह इस बार बिहार पंचायत चुनाव भी, EVM से पड़ेंगे वोट; और क्या-क्या बदल रहा?
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और धौडा़ड़ थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। परिजनों को सूचना देने के बाद उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया।पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.