शहडोल के ब्यौहारी बस स्टैंड से रीवा जा रही दादू एंड सांस कंपनी की बस में एक व्यापारी के साथ फिल्मी अंदाज में जेबकतरी की घटना सामने आई है। ‘सीट में पेन गिर गया है’ का बहाना बनाकर बदमाशों ने यात्री को उलझाया और उसकी जेब से 30 हजार रुपए चोरी कर लिए। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने एक संदेही युवक को पकड़ लिया, लेकिन तलाशी में रकम बरामद नहीं हो सकी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के मोहनी गांव निवासी शिव नारायण साकेत (40) अपनी पत्नी के साथ रीवा माल खरीदने जा रहे थे। वे जयसिंहनगर में जूते-चप्पल की छोटी दुकान चलाते हैं। बस स्टैंड से बस रवाना होने के कुछ देर बाद दो युवक उनकी सीट के पास पहुंचे। एक युवक ने कहा कि उसका पेन सीट में गिर गया है और सीट से उठने के लिए दबाव बनाने लगा। कुछ देर की हलचल के बाद दोनों युवक आगे बढ़ गए।
ये भी पढ़ें- MP: कटनी नगर निगम वित्तीय संकट में, निगमायुक्त ने जारी किए नोटिस; 56 सरकारी भवनों का जानें कितना है बकाया?
इसी दौरान शिव नारायण की पत्नी ने रुपए चेक करने को कहा। जेब टटोलने पर 30 हजार रुपए की गड्डी गायब मिली। तब तक बस चुंगी नाका के पास पहुंच चुकी थी और एक संदेही युवक बस से उतर चुका था। हंगामा होने पर अन्य यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाने में पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई, लेकिन चोरी की रकम बरामद नहीं हुई। आशंका जताई जा रही है कि रकम पहले ही उसके साथी को सौंप दी गई थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पीड़ित ने बताया कि वह अपने गांव से निजी वाहन से ब्यौहारी बस स्टैंड पहुंचा था और वहां से दादू कंपनी की बस से रीवा जा रहा था। बस चलने के कुछ ही मिनटों में उसकी जेब में रखे 30 हजार रुपए चोरी हो गए। थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद वह पत्नी के साथ वापस गांव लौट गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.