गंगापुर सिटी में अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शहर के पास स्थित थली गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार थली गांव निवासी कमलेश गुर्जर को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगकर आर-पार हो गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल गंगापुर सिटी के राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रैफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और हमलावरों की तलाश के लिए नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Crime: दिनदहाड़े प्रॉपर्टी कारोबारी का अपहरण, पुलिस ने सुरक्षित छुड़ाया; बड़ी फिरौती की बात आई सामने
सदर थाना एएसआई बच्चू सिंह ने बताया कि थली गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद थली गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जुड़ा मानकर भी जांच कर रही है। फिलहाल घायल युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से पड़ताल कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.