सतना में कोठी रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की गर्दन तार में फंसने से कट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उसके दो रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे गढिय़ा टोला कब्रिस्तान के पास हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार का कर्मचारी ट्रैक्टर से एक भारी-भरकम मिक्सर मशीन को तार बांधकर सड़क के दूसरी तरफ ले जा रहा था। इसी दौरान सिविल लाइन की तरफ से आ रहे एक ही बाइक पर सवार तीन युवक तार में उलझ गए और सड़क पर गिर पड़े। तीनों बहन के यहां कार्यक्रम में जा रहे थे
हादसे में बाइक चला रहे रामजस पुत्र रामकृपाल चौधरी (45 वर्ष), निवासी कंचनपुर, थाना अमरपाटन, की गर्दन तार में फंसने से गंभीर रूप से कट गई। उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के मौसेरे भाई अरविंद पुत्र रामसिपाही चौधरी (38 वर्ष), निवासी उदयसागर, और रामप्रसाद पुत्र हरिदीन चौधरी (40 वर्ष), निवासी रामपुर चौरासी, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक और घायल तीनों मौसेरे भाई हैं। वे अपनी एक मौसेरी बहन के ससुराल बगहा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रामजस बाइक से सतना पहुंचे थे, जहां सिविल लाइन में अरविंद और रामप्रसाद उनसे मिले थे। इसके बाद तीनों बगहा के लिए निकले थे। पुलिस ने शव को मरचुरी में रखवा दिया है और ट्रैक्टर व मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.