सतना जिले के कोठी कस्बे में एक मामूली आर्थिक विवाद ने गंभीर आपराधिक घटना का रूप ले लिया। सिर्फ 10 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े के बाद एक चाय दुकानदार ने नाई की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में सैलून पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कोठी कस्बे के वार्ड क्रमांक-10 की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय चाय दुकानदार प्रिंस उर्फ अजय चौधरी (उम्र 23 वर्ष) का शुक्रवार शाम पास ही स्थित हेयर कटिंग सैलून के संचालक संदीप कुमार सेन से पैसों को लेकर विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। आरोपी ने मौके पर ही सैलून संचालक को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
भीड़ ने शांत कराया विवाद, मगर मन में पलता रहा गुस्सा
शाम के समय आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत करा दिया, लेकिन आरोपी के मन में गुस्सा और बदले की भावना बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी बार-बार सैलून संचालक को सबक सिखाने की बात कह रहा था।
ये भी पढ़ें- इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 20 वीं मौत, उल्टी-दस्त के कारण अस्पताल में भर्ती थी महिला
सुनसान बाजार में दिया वारदात को अंजाम
रात होते ही जब बाजार पूरी तरह बंद हो गया और सड़कों पर सन्नाटा पसरा था, तभी आरोपी सैलून पहुंचा। उसने पहले दुकान के शटर के पास पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देखा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें- प्रदेश में सीवर लाइन लीकेज, मैनहोल ओवरफ्लो 285 शिकायत, 7619 पानी के सैंपल की जांच
मेहनत की कमाई जलकर हुई खाक
इस आगजनी में सैलून में रखा फर्नीचर, मशीनें, शीशे और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित संदीप कुमार सेन के अनुसार, यही दुकान उनके परिवार की आय का एकमात्र साधन थी, जो एक पल में खत्म हो गया।
कैमरे ने नहीं छोड़ा आरोपी
आरोपी ने वारदात को अंधेरे में अंजाम दिया, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे उसकी पहचान के लिए काफी साबित हुए। फुटेज में आरोपी साफ तौर पर पेट्रोल डालते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही संदीप ने कोठी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी हैपुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह घटना दर्शाती है कि छोटी-छोटी बातों पर गुस्से में लिया गया फैसला कितनी बड़ी तबाही ला सकता है। मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.