नर्मदापुरम जिले के कजलास गांव में रेत कंपनी से जुड़े लोगों द्वारा खुलेआम गुंडागर्दी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पावर मेक रेत कंपनी से जुड़े लोगों ने गांव में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी और फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।ग्रामीणों के अनुसार, करीब 100 से 120 लोगों की भीड़ बोलेरो वाहनों में सवार होकर गांव में दाखिल हुई और आतंक मचाने लगी। हमलावर लगातार “कोई मर्द हो तो सामने आओ” जैसी धमकियां देते रहे। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई। इस दौरान कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि एक ट्रैक्टर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की, जिससे पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया।
घटना के दौरान महिलाएं और बच्चे डर के कारण घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सामने आए वीडियो में मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं खुलेआम होती दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे रेत माफियाओं की दबंगई उजागर हो गई है।
ये भी पढ़ें: देर रात आनंदपुर थाने पहुंचे विधायक, सोते मिले पुलिस के जवान
मामले में एडिशनल एसपी नर्मदापुरम अभिषेक राजन ने बताया कि यह विवाद अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.