सलूंबर जिले में पहली राज्य स्तरीय “पंच गौरव” कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले हुए पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जयपुर ने बूंदी को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि अजमेर ने नागौर को 20 अंकों से पराजित किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में बूंदी ने नागौर को 16 अंकों से हराकर कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग का फाइनल जयपुर और अजमेर के बीच खेला गया। रोमांचक संघर्ष के बाद अजमेर ने 35 अंक बनाकर जयपुर को 24 अंकों से पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग के सेमीफाइनल में नागौर ने अजमेर को 51 अंकों से हराया, वहीं जयपुर ने सलूंबर को 23 अंकों से पराजित किया। तीसरे स्थान के लिए अजमेर ने सलूंबर को 4 अंकों से हराया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में जयपुर ने 51 अंक बनाकर नागौर को 44 अंकों से हराते हुए खिताब अपने नाम किया। जिला कलेक्टर ने विजेताओं को किया सम्मानित समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान सलूंबर विधायक शांता अमृत लाल मीना ने भी विजेता टीमों को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कलेक्टर अवधेश मीना ने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने “पंच गौरव” कबड्डी प्रतियोगिता जैसे आयोजनों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों से युवा शारीरिक रूप से सशक्त होने के साथ-साथ टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। कलेक्टर ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता में अजमेर,जयपुर,नागौर,चित्तौड़गढ़,बूंदी और सलूंबर से आई टीमों ने भाग लेकर रोमांचक मुकाबले खेले। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरा खेल मैदान उत्साह और ऊर्जा से सराबोर रहा। ये रहे मौजूद कार्यक्रम के अंत में जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने सभी अतिथियों,प्रतिभागी टीमों,सहयोगी संस्थाओं और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी,खेल विभाग के अधिकारी,खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.