साहिबगंज के बोरियों प्रखंड में स्थित बोंगा कोचा झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता और गहरी आदिवासी मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है. यहां स्थित बाबा बोंगा कोचा का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. जहां मन्नत पूरी होने पर पारंपरिक बलि दी जाती है. सुविधाओं की कमी के बावजूद यह स्थान धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.
झील के किनारे स्थित एक छोटा सा मंदिर स्थानीय लोगों के लिए किसी बड़े तीर्थ से कम नहीं है. आदिवासी समुदाय के लोग इस स्थान को “बाबा बोंगा कोचा” का पवित्र धाम मानते हैं. मान्यता है कि बाबा बोंगा कोचा अपने भक्तों की हर सच्ची मनोकामना पूर्ण करते हैं. इसी विश्वास के चलते दूर-दराज के गांवों से लोग यहां अपनी इच्छाओं को लेकर पहुंचते हैं.
स्थानीय बुजुर्गों और पूजा कराने वाले पाहनों के अनुसार, जब किसी श्रद्धालु की मन्नत पूरी हो जाती है तो वह बाबा के दरबार में आकर आभार स्वरूप पूजा-अर्चना करता है. पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार यहां बलि देने की परंपरा भी प्रचलित है, जिसे आदिवासी समाज अपनी संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा मानता है. यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जाती है.
धार्मिक ही नहीं, पर्यटन केंद्र भी
बोंगा कोचा झील सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि प्राकृतिक पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद आकर्षक स्थल है. पहाड़ों से उतरता झरनों का पानी, झील का शांत स्वरूप और जंगलों की ठंडी हवा यहां आने वाले हर व्यक्ति को सुकून का एहसास कराती है. खासकर पूजा-पर्व और विशेष अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलती है.
हालांकि यह स्थल आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इस स्थान को पर्यटन मानचित्र पर सही तरीके से विकसित करे, तो यह क्षेत्र रोजगार और पहचान दोनों हासिल कर सकता है. सड़क, बिजली और सुरक्षा जैसी सुविधाओं के अभाव के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.