सहरसा जिले के नन्दलाली मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक छात्र का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से छात्र को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान एमएलटी कॉलेज के 21 वर्षीय छात्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने मौत को लेकर संदेह जताते हुए पुलिस से उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक बिहरा थाना क्षेत्र के सत्तर गांव (वार्ड 02) निवासी मिश्री राम का 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार था। परिजनों के अनुसार राहुल होनहार छात्र था और रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 5:00 बजे अपने गांव से बाइक पर सवार होकर सहरसा शहर में कोचिंग पढ़ाई के लिए निकला था। परिजनों ने बताया कि घर से निकलने के कुछ ही समय बाद, करीब 7:00 बजे उन्हें सूचना मिली कि राहुल नन्दलाली मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लावारिस अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पढे़ं: जयपुर में महिला की हत्या कर पड़ोसी के घर फेंकी लाश, पैसों के विवाद में युवक ने दिया वारदात को अंजाम
राहुल की मौत केवल एक सड़क हादसा है या हत्या की गई, इस पर परिजनों ने गहरा संदेह व्यक्त किया है और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामला संदिग्ध है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.