सहरसा नगर निगम की महापौर बेन प्रिया ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को निराधार और सुनियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि बीते चार दिनों से कुछ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी स्वार्थवश एजेंटों के माध्यम से विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर उनकी और उनके पति, पूर्व विधायक स्वर्गीय संजीव झा की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। महापौर ने स्पष्ट किया कि सहरसा की जागरूक जनता इस साजिश को भली-भांति समझती है। यह सब नगर निगम की स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली को कमजोर करने तथा विकास कार्यों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि नगर विकास विभाग के मंत्री और प्रधान सचिव के हस्तक्षेप से नगर निगम के विरुद्ध रची जा रही साजिश को नाकाम कर दिया गया है। ”भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति” बेन प्रिया ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। यही कारण है कि जिन लोगों के अवैध हित प्रभावित हुए हैं, वे अब अनर्गल आरोप और अफवाहें फैलाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वे न तो डरने वाली हैं और न ही सहरसा के विकास को किसी साजिश के कारण रुकने देंगी। पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए संघर्ष और तेज किया जाएगा महापौर ने जोर देकर कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगी। शहर के सर्वांगीण विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए संघर्ष और तेज किया जाएगा। 16 करोड़ रुपये की लागत से संयंत्र स्थापित किया जाएगा उन्होंने जानकारी दी कि शहर में सुपर मार्केट और अंबेडकर पुस्तकालय के समीप मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी है। साथ ही गोबरगढ़ा क्षेत्र में वेस्ट-टू-कम्पोस्ट योजना के तहत लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से संयंत्र स्थापित किया जाएगा। महापौर ने कहा कि सहरसा का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी दबाव में निगम अपने कर्तव्यों से विचलित नहीं होगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.