साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का रहस्य आज उजागर हो सकता है। मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आज सार्वजनिक होने की संभावना है, जिससे उनकी मौत के कारणों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या, चिकित्सकीय लापरवाही और अन्य सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया गया, जहां नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की। राज्य सरकार ने भी पूरे मामले की गहन जांच कराने का आश्वासन दिया है।
पिता ने बताई पूरी कहानी
साध्वी के पिता विरमनाथ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अलग-अलग स्थानों पर साध्वी के कार्यक्रम तय थे, केवल बुधवार को उनका कोई कार्यक्रम नहीं था। उन्हें हल्का जुकाम और गले में खराश थी, जिसके चलते इलाज के लिए एक कंपाउंडर को बुलाया गया था। इस दौरान उन्हें एक इंजेक्शन लगाया गया। पिता का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के मात्र 30 सेकंड बाद साध्वी की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: कौन थीं साध्वी प्रेम बाईसा? बाल्यावस्था में संन्यास, जीवन भर संघर्ष और अब सवालों में मौत
उन्होंने भावुक होकर कहा कि अंतिम समय में साध्वी ने कहा था कि जीते जी न्याय नहीं मिला, लेकिन मृत्यु के बाद सनातन ही न्याय दिलाएगा। पिता ने पुलिस प्रशासन और संत समाज से सच्चाई सामने लाने की अपील की है।
अंतिम संस्कार और समाधि
बुधवार शाम जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा के निधन के बाद गुरुवार देर शाम उनकी पार्थिव देह उनके पैतृक गांव परेऊ लाई गई। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। साधु-संतों की मौजूदगी में विधिवत दाह संस्कार कर उन्हें समाधि दी गई।
अब पूरे मामले की कड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि साध्वी प्रेम बाईसा की मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण से हुई। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। प्रदेशभर की निगाहें अब इस रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो साध्वी प्रेम बाईसा की रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझा सकती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.