जिले में एक किन्नर की आत्महत्या के बाद धर्मांतरण और प्रताड़ना के गंभीर आरोपों को लेकर हिंदू संगठनों और किन्नर समाज के एक पक्ष ने मोतीनगर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि किन्नर गुरु ने जबरन धर्म परिवर्तन और गौ-मांस खाने का दबाव बनाया, जिससे तंग आकर पीड़ित ने जान दे दी।
जानकारी के अनुसार मृतक किन्नर की मौत सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले में हुई है। घटना की खबर लगते ही सागर में किन्नर रानी ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे। रानी ठाकुर ने किन्नर गुरु किरण नायक उर्फ कलीम खान पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले में हस्तक्षेप करते हुए बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। बजरंग दल के नेता बिट्टू पांडे और समाजसेवी मिश्रीचंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर के लोग श्रद्धा से किन्नरों को दान देते हैं लेकिन उस पैसे का इस्तेमाल मस्जिद बनवाने और बकरे खरीदने में किया जा रहा है। उन्होंने इसे एक बड़े धर्मांतरण सिंडिकेट का हिस्सा बताया है।
किन्नर रानी ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरा साथी इतना कमजोर नहीं था कि आत्महत्या कर ले। उसे धर्मांतरण के लिए मजबूर किया गया और प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि वीडियो और कॉल से यह प्रतीत होता है कि उसे मारकर लटकाया गया है। हमने पुलिस को पहले भी शिकायत की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: Bhopal News: कांग्रेस विधायक बरैया का विवादित बयान, SC-ST प्रतिनिधियों की हालत मुंह पर पट्टी बंधे कुत्ते जैसी
मोतीनगर थाना प्रभारी ने शिकायत दर्ज कर ली है। चूंकि मामला दो जिलों से जुड़ा है, इसलिए पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स और वायरल वीडियो की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.