मुंगेर मुख्यालय स्थित पोलो मैदान में जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब बाहरी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में शामिल किए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच तीखा विवाद हो गया। उस वक्त मैदान में बच्चे फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहे थे, जबकि कुछ खिलाड़ी अभ्यास और खेल गतिविधियों में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक शुरू हुए हंगामे से मैदान में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
प्रतियोगिता के आयोजक अरविंद कुमार ने बताया कि यह चैंपियनशिप केवल मुंगेर जिले के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें 12 वर्ष आयु वर्ग से लेकर ओपन कैटेगरी (महिला एवं पुरुष) तक के प्रतिभागी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंगेर फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर के संचालक रामेश्वर झा द्वारा लखीसराय जिले के एक खिलाड़ी को प्रतियोगिता में शामिल कराने का प्रयास किया गया। नियमों के अनुसार बाहरी खिलाड़ी का पंजीकरण मान्य नहीं होने पर उसका रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया और शुल्क वापस कर दिया गया।
आयोजक के अनुसार, पंजीकरण रद्द होने के बाद संबंधित खिलाड़ी ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अभद्र टिप्पणी करते हुए परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखीं। इसी मामले में बातचीत के दौरान रामेश्वर झा और उनके साथियों द्वारा उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया गया है। मैदान में मौजूद कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी आयोजक के साथ हुई धक्का-मुक्की की पुष्टि की है। अरविंद कुमार ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराने तथा सोशल मीडिया के स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपने की बात कही है।
पढे़ं: नींद की गोलियां, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव; राजगीर सामूहिक आत्महत्या की चौंकाने वाली कहानी
वहीं, दूसरी ओर कोच रामेश्वर झा ने आयोजक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वे पिछले चार वर्षों से मुंगेर फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर में बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं और अब तक 450 से अधिक बच्चों का विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयन हो चुका है। उनका आरोप है कि आयोजक अरविंद कुमार लगातार उनके बैच को बदनाम करने और अपमानित करने का प्रयास कर रहे हैं।
रामेश्वर झा ने दावा किया कि यह चौथी बार है जब आयोजक द्वारा इस तरह की धक्का-मुक्की और रंगबाजी की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उनके बैच के खिलाड़ी अमरजीत के साथ आयोजक ने गलत टिप्पणी की और मैदान में आकर कॉलर पकड़कर मारपीट की। विरोध करने पर उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने बताया कि जब ट्रेनिंग सेंटर की लड़कियों ने बीच-बचाव किया, तो उनके साथ भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। कोच रामेश्वर झा ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले ही आयोजक के खिलाफ व्यवहार न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी और अब इस पूरे मामले में औपचारिक शिकायत पुलिस को दी जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.