बच्चों के विवाद में बड़े आमने-सामने आ गए और कुछ ही मिनट में कहासुनी ने पथराव का रूप ले लिया। दोनों ओर से जमकर ईंट पत्थर चले। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को जमकर फटकारा और मामला शांत कराया।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र के बंदा रोड में मंगलवार रात बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस बीच बच्चों ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों से घर जाकर बहस शुरू कर दी तो दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इस बीच एक पक्ष ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए थे।
इसके बाद दूसरे पक्ष ने भी अपने घरों से पत्थर बरसा दिए और कुछ ही मिनट में मामला तनावपूर्ण हो उठा। दोनों ओर से पथराव होने से क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस लाठी लेकर मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर मौजूद लोगों को जमकर फटकार के बाद शांत कराया।
चौकी प्रभारी आनंद मेहरा ने बताया कि बच्चों में झगड़े के बाद स्थिति थोड़ी बिगड़ी थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया। किसी पक्ष की ओर से फिलहाल उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली और मामला शांत है। यदि किसी पक्ष ने दोबारा माहौल खराब करने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.