विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 100 से अधिक लोगों की कैंसर जांच की गई। शेखपुरा जिला भी कैंसर के बढ़ते मामलों से अछूता नहीं है, जहां हर साल मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि सदर अस्पताल शेखपुरा में कैंसर जांच की समुचित व्यवस्था के साथ पैलिएटिव केयर सेंटर और डे-केयर सेंटर की शुरुआत हो चुकी है, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
कैंसर स्क्रीनिंग विशेषज्ञ डॉ. अंजली राय ने बताया कि नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच जिले में बड़े पैमाने पर विभिन्न प्रकार के कैंसर की जांच की गई है। आंकड़ों के अनुसार मुंह के कैंसर की जांच के लिए कुल 70,188 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 27,662 पुरुष और 42,526 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 799 लोग संवेदनशील पाए गए, जबकि 64 मरीज अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 54 पुरुष और 10 महिलाएं शामिल हैं। वर्तमान में जिले में मुंह के कैंसर के 39 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिले में 15 सर्वाइकल कैंसर मरीज उपचाराधीन
ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए 28,455 महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 120 महिलाएं संवेदनशील और 46 अत्यधिक संवेदनशील पाई गईं। अब तक 31 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि हो चुकी है। वहीं सर्वाइकल कैंसर के लिए 4,160 महिलाओं की जांच की गई, जिसमें 60 महिलाएं संवेदनशील पाई गईं और जिले में 15 सर्वाइकल कैंसर मरीज उपचाराधीन हैं। इस तरह जिले में तीन प्रमुख प्रकार के कैंसर के कुल 80 मरीजों का इलाज चल रहा है।
इन योजनाओं से इलाज जारी
डॉ. राय ने बताया कि सदर अस्पताल शेखपुरा में दो बेड का कीमोथेरेपी यूनिट शुरू किया गया है, जिसे जल्द ही आम मरीजों के लिए पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। अस्पताल में पैलिएटिव केयर यूनिट भी संचालित है, जहां कैंसर मरीजों की देखभाल की जा रही है। इस यूनिट के लिए डॉ. अभिषेक कुमार को तैनात किया गया है। कैंसर से संबंधित स्क्रीनिंग सदर अस्पताल के कक्ष संख्या 20 में की जा रही है। आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री कैंसर योजना के तहत मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
इसके अलावा सदर अस्पताल शेखपुरा और बरबीघा रेफरल अस्पताल में कैंसर जांच को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। बुधवार से 11 फरवरी तक जिले में कैंसर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- Degree College : बिहार में कहां-कहां खुलेंगे डिग्री कॉलेज, देख लें अपने इलाके की सूची; इसी साल से पढ़ाई होगी
कैंसर के सामान्य लक्षण
डॉक्टरों के अनुसार शरीर में असामान्य गांठ, लंबे समय तक खांसी या आवाज बैठना, बिना कारण वजन घटना, लगातार थकान, मुंह में न भरने वाला घाव, असामान्य रक्तस्राव, स्तन में बदलाव या दर्द, निगलने में परेशानी और लंबे समय तक बुखार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराना जरूरी है, क्योंकि शुरुआती पहचान से इलाज की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
कैंसर का जांच करते स्वास्थ्य कर्मी

कैंसर का जांच करते स्वास्थ्य कर्मी

कैंसर का जांच करते स्वास्थ्य कर्मी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.