पुलिस ने डाबड़ी निवासी मेहरचंद को गिरफ्तार कर लिया है।
रेवाड़ी के गांव काकोडिया में रेस्टोरेंट कर्मचारी महेश की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव डाबड़ी निवासी मेहरचंद के रूप में हुई है। इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
रेस्टोरेंट के बाहर हुई थी वारदात
गांव काकोडिया निवासी विजयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका गांव के मुख्य मार्ग पर एक रेस्टोरेंट है। राजस्थान के अलवर जिले के गांव आलमपुर निवासी महेश उसके रेस्टोरेंट में कारीगर का काम करता था। 25 नवंबर 2025 की रात महेश रेस्टोरेंट के पास खड़ा था, तभी डाबड़ी निवासी मेहरचंद, काकोडिया निवासी तेजपाल और गोकलगढ़ निवासी अशोक उर्फ बड्डू बाइक पर वहां पहुंचे और महेश से झगड़ा करने लगे।
विजयपाल जब बीच-बचाव करने गया, उसी दौरान अशोक उर्फ बड्डू ने महेश को गोली मार दी। गोली लगने से महेश की मौके पर ही मौत हो गई और तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार
सदर थाना पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोकलगढ़ निवासी अशोक उर्फ बड्डू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
बाइक सहित दूसरा आरोपी भी पुलिस के शिकंजे में
अब पुलिस ने दूसरे आरोपी डाबड़ी निवासी मेहरचंद को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.