जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में चोरी के शक ने एक युवक की अस्मिता और आस्था पर सीधा हमला कर दिया। मझीगवां गांव में 23 वर्षीय युवक रोहित यादव के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उसकी पहचान से जुड़ी 12 इंच लंबी चोटी जबरन उखाड़ दी गई। यह घटना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
पीड़ित रोहित यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही दीपक पांडे ने उस पर पेट्रोल चोरी का आरोप लगाया और बिना किसी ठोस सबूत या पुलिस को सूचना दिए रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान रोहित को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसकी चोटी उखाड़ दी गई, जिसे वह अपनी धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत पहचान का अहम हिस्सा मानता है।
घटना के बाद रोहित अपनी उखड़ी हुई चोटी हाथ में लेकर थाने पहुंचा और पूरी आपबीती पुलिस के सामने रखी। उसका कहना है कि आरोपी नशे की हालत में था और पहले भी गांव में विवादित गतिविधियों में शामिल रहा है। रोहित ने बताया कि इस बर्बर हरकत से उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा है और वह खुद को अपमानित महसूस कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Betul Bus Accident: नागपुर फोरलेन पर निजी यात्री बस पलटी, 16 घायल, तीन की हालत गंभीर
पीड़ित ने यह भी सवाल उठाया कि यदि चोरी के शक में लोग इस तरह कानून को हाथ में लेने लगें, तो आम नागरिक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। गांव में इस घटना के बाद भय और तनाव का माहौल है, लोग सहमे हुए हैं और खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मारपीट और बर्बरता से जुड़े धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच में जुटी है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.