केंद्र सरकार ने हिमाचल कैडर के रिटायर एवं 2008 बैच के IAS अधिकारी अमित कश्यप को GST अपीलेट ट्रिब्यूनल (GSTAT) में टेक्निकल मेंबर (स्टेट) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति राष्ट्रपति की मंजूरी से की गई है।
अमित कश्यप को हिमाचल प्रदेश के लिए स्थापित GSTAT की शिमला बेंच में टेक्निकल मेंबर के तौर पर तैनात किया गया है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अमित कश्यप को यह पद चार वर्षों के लिए या 67 वर्ष की आयु तक (जो पहले हो) दिया गया है।
इस पद पर काम करते हुए उन्हें 2.25 लाख रुपए प्रतिमाह फिक्स सैलरी मिलेगी। उनकी नियुक्ति GSTAT रूल्स, 2023 और CGST Act, 2017 के तहत की गई है।
GSTAT में टेक्निकल मेंबर का क्या काम होगा?
GSTAT देश में GST से जुड़े विवादों की अंतिम अपीलीय न्यायिक संस्था है। टेक्निकल मेंबर (स्टेट) का काम GST से जुड़े टैक्स विवादों की सुनवाई, राज्य कर प्रशासन से जुड़े मामलों में तकनीकी विशेषज्ञता देना, टैक्सपेयर्स और सरकार के बीच अपील मामलों का निपटारा और न्यायिक सदस्य के साथ मिलकर फैसले देना होता है।
यह पद न्यायिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि GST से जुड़े मामलों में GSTAT का फैसला निर्णायक होता है।
अमित कश्यप का प्रशासनिक अनुभव
अमित कश्यप हिमाचल कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी रहे हैं। वे हाल ही में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। पूर्व में वह डीसी शिमला भी रह चुके हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.